12 से 14 सितंबर तक होंगे भजन संध्या, शोभायात्रा, अखाड़ा सम्मान एवं अखिल भारतीय कवि सम्मेलन
मल्हारगढ़। रुणिजा मारवाड़ (राजस्थान) के बाद द्वितीय स्थान माने जाने वाले मल्हारगढ़ के प्राचीन बाबा रामदेव जी मंदिर पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी तीन दिवसीय मेले का आयोजन किया जा रहा है। नगर परिषद एवं मेला जनसहयोग समिति के तत्वावधान में आयोजित मेला 12 से 14 सितंबर 2026 तक भाद्रपद शुक्ल पक्ष एकम से तीज तक चलेगा।
मेले के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 12 सितंबर को दोपहर 1 बजे बाबा रामदेव जी मंदिर पर मेले का शुभारंभ होगा। इसी दिन रात्रि 8 बजे विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राजस्थान के भजन सम्राट छोटूसिंह रावणा अपनी भजनों की प्रस्तुति देंगे।
13 सितंबर को बाबा रामदेव जी की शोभायात्रा मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर नगर भ्रमण करेगी। दोपहर 3 बजे देवरा चौक पर अखाड़ों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
14 सितंबर को रात्रि 8 बजे से सांदीपनि विद्यालय, स्टेशन रोड, मल्हारगढ़ में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन होगा। इसमें आमंत्रित कविगण श्वेतव्रत वाजपेयी (वीर रस, लखनऊ), अशोक नागर (व्यंग्य, शाजापुर), सुनील व्यास (हास्य सम्राट, मुंबई), अतुल ज्वाला (हास्य, इंदौर), भूपेंद्र राठौर (वीर रस, कोटा) एवं प्रेरणा ठाकरे (श्रृंगार रस, सूत्रधार, नीमच) अपनी कविताओं की प्रस्तुति देंगे।
नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती शर्मिलादेवी प्रकाश कछावा, मेला जनसहयोग समिति अध्यक्ष मनजीत प्रजापति, उपाध्यक्ष राधेश्याम प्रजापति एवं समस्त पार्षदगण ने मल्हारगढ़ नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों से मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बाबा रामदेव जी के दर्शन एवं आयोजित कार्यक्रमों का लाभ लेने की अपील की है।
