मंदसौर / जिले के पिपलियामंडी थाना क्षेत्र के बही चौपाटी और टोल प्लाज़ा के बीच स्थित एक होटल में भगवान के नाम का दुरुपयोग कर कथित रूप से गलत गतिविधियाँ संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, होटल की दीवारों पर भगवान के फोटो लगे हुए थे और दुकान के बोर्ड पर भी भगवान का नाम लिखा हुआ था, जबकि अंदर अनुचित कामकाज होने की शिकायतें लंबे समय से स्थानीय स्तर पर उठ रही थीं।

मामले की सूचना मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और होटल संचालक से कड़ी आपत्ति जताई। कार्यकर्ताओं ने धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने और भगवान के नाम तथा फोटो का गलत उपयोग बंद करने की चेतावनी दी। मौके पर मौजूद लोगों के विरोध के बाद होटल संचालक ने दुकान के बोर्ड से भगवान का नाम हटाया और दीवारों पर लगे धार्मिक फोटो तुरंत उतरवाए।

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने संचालक को समझाइश देते हुए कहा कि व्यापार में भगवान के नाम और स्वरूप का इस्तेमाल कर गलत गतिविधियाँ करना न केवल धार्मिक भावनाओं को आहत करता है, बल्कि समाज में गलत संदेश भी देता है। उन्होंने आगाह किया कि भविष्य में इस तरह की शिकायत मिली तो सख्त कदम उठाए जाएंगे।

