10 वर्षों से अधिक समय से निष्क्रिय बैंक खातों में जमा बैंक राशि को प्राप्त करें

मंदसौर / जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक मंदसौर श्री संजय कुमार मोदी ने बताया कि 10 वर्षों से अधिक समय से निष्क्रिय बैंक खातों में जमा राशि को खाताधारकों तक पुनः पहुंचाने के उद्देश्य से वित्त मंत्रालय एवं भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देशानुसार देशभर में 1 अक्टूबर 25 से 31 दिसंबर 25 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में मंदसौर नगर में 12 दिसंबर 25 को “आपकी पूंजी आपका अधिकार” (DEAF) जागरूकता विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर नगर पालिका सभागृह मंदसौर में प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा। शिविर में विभिन्न बैंकों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां 10 वर्षों से अधिक समय से निष्क्रिय खातों में जमा वह राशि, जो भारत सरकार के जमा शिक्षा एवं जागरूकता कोष (DEAF) में स्थानांतरित हो चुकी है, उसे प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।

नगर के ऐसे सभी नागरिक जिनकी बैंक जमा राशि लंबे समय से प्राप्त नहीं हुई है, वे शिविर में उपस्थित होकर पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं एवं अपनी राशि प्राप्त करने हेतु आवेदन की प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त जिले के अन्य क्षेत्र के ग्राहक अपनी संबंधित बैंक शाखा से संपर्क कर निष्क्रिय खाते की राशि प्राप्त कर सकते हैं।

जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक ने बताया कि विशेष शिविर के अतिरिक्त भी खाताधारक किसी भी समय अपनी बैंक शाखा से संपर्क कर निष्क्रिय खाते से संबंधित राशि प्राप्त कर सकते हैं।