आलोट /रतलाम/ दुर्गाशंकर पहाड़िया । जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के मार्गदर्शन में रतलाम पुलिस ने कंजर गैंग की अपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए रविवार को एक बड़ी संयुक्त दबिश कार्रवाई को अंजाम दिया।
यह कार्रवाई ग्राम टोकड़ा, लाखाखेड़ी एवं अरनिया क्षेत्र में संचालित की गई, जिसमें एसडीओपी आलोट पल्लवी गौर के नेतृत्व में थाना प्रभारी आलोट मुनेंद्र गौतम, थाना प्रभारी ताल तूर सिंह डाबर, थाना प्रभारी बरखेड़ा रविंद्र दंडोतिया सहित पुलिस लाइन से आए विशेष बल ने भागीदारी निभाई।
दबिश के दौरान कंजरो के डेरे में अवैध रूप से संचालित कच्ची शराब बनाने की भट्टियाँ नष्ट की गईं तथा भारी मात्रा में कच्ची शराब को जप्त कर नष्ट किया गया। पुलिस टीम ने कंजर अपराध नेटवर्क को कमजोर करने के उद्देश्य से कार्रवाई करते हुए करीब 50 लोगों से बांड-ओवर भरवाकर उन्हें एसडीएम न्यायालय में प्रस्तुत किया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अपराधियों के संरक्षण में शामिल दलालों एवं सहयोगियों पर भी कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस समय–समय पर गांव–गांव जाकर जनसंवाद कर ग्रामीणों को जागरूक कर रही है और कंजर गैंग की अपराध चेन तोड़ने के लिए सतत अभियान चला रही है।
रतलाम पुलिस की यह कार्रवाई संदेश देती है कि अपराध किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं होगा और कानून व्यवस्था बनाए रखने पुलिस एक्शन मोड में सक्रिय है।
