एसडीएम रचना शर्मा ने SDOP से जांच कर कार्रवाई करने को कहा, वायरल करने वालों पर गिरेगी गाज
आलोट/दुर्गाशंकर पहाड़िया । सोशल मीडिया पर आलोट जनपद अध्यक्ष कालूसिंह परिहार का कथित धमकी भरा वीडियो वायरल होते ही प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई है। करीब 3 मिनट 59 सेकंड का यह वीडियो व्हाट्सएप के विभिन्न ग्रुपों में तेज़ी से प्रसारित हो रहा है। इसमें परिहार द्वारा तत्कालीन एसडीएम के कार्यों पर सवाल उठाते हुए कड़ी चेतावनी देते दिखाई दे रहे हैं। वायरल वीडियो में परिहार कहते नज़र आ रहे हैं कि “अगर कार्यप्रणाली नहीं सुधरी, तो हम पूरी बिस्तर बांधकर यहां से विदा कर देंगे।”
जानकारी के अनुसार यह वीडियो लगभग पांच वर्ष पुराना है, जब एसडीएम कार्यालय के बाहर भारी संख्या में भीड़ मौजूद थी और परिहार माइक्रोफोन लेकर तत्कालीन एसडीएम से जवाब मांग रहे थे।
वीडियो प्रसारित होने के बाद वर्तमान उपखंड अधिकारी (एसडीएम) रचना शर्मा ने इसे गंभीर मानते हुए पुलिस उपखंड अधिकारी (SDOP) आलोट को पत्र लिखकर वीडियो की सत्यता, स्रोत और वायरल करने के उद्देश्य की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। एसडीएम ने कहा है कि यह स्पष्ट किया जाए कि वीडियो कब और किसने रिकॉर्ड किया तथा अचानक इसे वायरल करने का उद्देश्य क्या था, क्योंकि यह सामग्री प्रशासनिक गरिमा और कानून व्यवस्था पर सीधा प्रहार है।
जारी पत्र की प्रति कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी रतलाम, पुलिस अधीक्षक रतलाम और थाना प्रभारी आलोट को भी भेजी गई है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस अब उन लोगों की पहचान करने में लगी है जिन्होंने वीडियो को प्रसारित किया और उसके पीछे की मंशा क्या थी।
मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों ही हलकों में गर्मी बढ़ा दी है, वहीं सवाल उठ रहे हैं कि पुराना वीडियो अचानक किस मकसद से वायरल किया गया और इसकी आड़ में किसे लाभ पहुंचाना लक्ष्य है।
प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि दोषियों पर कठोर कार्रवाई निश्चित है।
