मल्हारगढ़ | मध्यप्रदेश के धार जिले के टांडा से राजस्थान के विश्व प्रसिद्ध खाटूधाम सीकर के लिए निकली बाबा श्याम की पैदल रथ यात्रा का मल्हारगढ़ स्थित श्री श्याम हवेली में भव्य स्वागत किया गया।


मंदिर के प्रधान पुजारी गुरुदेव आशीष जी शर्मा एवं मंदिर समिति के सदस्यों ने रथ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का पुष्प वर्षा और जयकारों के साथ अभिनंदन किया। इस दौरान मंदिर प्रांगण में बाबा श्याम की अखंड ज्योत प्रज्वलित की गई तथा ताली कीर्तन के माध्यम से श्रद्धालुओं ने सुमधुर श्याम भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तिमय वातावरण बना दिया। इसके बाद बाबा श्याम की महाआरती संपन्न हुई।


बताया गया कि 13 श्रद्धालुओं का जत्था लगभग 800 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर भक्ति और आस्था के साथ खाटू श्याम जी, सीकर पहुंचेगा। यात्रा के दौरान श्रद्धालु विभिन्न नगरों और गांवों में रुककर बाबा श्याम के भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धा का संदेश भी दे रहे हैं।