मंदसौर । मध्यप्रदेश पुलिस के विशेष नशामुक्ति जनजागरूकता अभियान "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" के तहत मल्हारगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 62 किलो 550 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने मौके से पंजाब के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल, एसडीओपी मल्हारगढ़ पिंटू कुमार बघेल के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल रघुवंशी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक टाटा ट्रक (PB08EG6899) में अवैध मादक पदार्थ का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर नीमच रोड पर पुलिस थाने के सामने वाहन की घेराबंदी कर ट्रक की तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान ट्रक से 62 किलो 550 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने ट्रक चालक गुरमीत सिंह (55 वर्ष) निवासी ग्राम मुगलानी, थाना खडूर साहिब, जिला तरणतारण (पंजाब) तथा राजिन्दर सिंह (35 वर्ष) निवासी ग्राम सरहाली खुर्द, जिला तरणतारण (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह मादक पदार्थ राजू उर्फ राजेन्द्र सिंह, निवासी पटियाला (पंजाब), हाल मुकाम चंगेरी फंटा, मल्हारगढ़ से लेकर आए थे। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 141/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 एवं 29 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जब्त डोडाचूरा का नेटवर्क किन-किन लोगों से जुड़ा हुआ है और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।