मंदसौर  मंदसौर शहर के 500 क्वार्टर टिगरिया अभिनंदन नगर में हुई चोरी की वारदात का कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया पूरा मशरूका, जिसकी कुल कीमत ₹25,800 है, बरामद कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह भास्कर के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह राठौर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को फरियादी हर्ष धानक (21 वर्ष) निवासी 500 क्वार्टर टिगरिया अभिनंदन नगर ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाश उसके घर में घुसकर एप्पल कंपनी के एयरबड्स, पावर बैंक, चांदी की अंगूठी, चांदी का सिक्का तथा ₹800 नकद चोरी कर ले गया। मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने जुबेर हुसैन (27 वर्ष) निवासी 500 क्वार्टर टिगरिया अभिनंदन नगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। वैधानिक प्रक्रिया के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट, महिला संबंधी अपराधों सहित कुल छह आपराधिक मामले दर्ज हैं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह राठौर, सहायक उपनिरीक्षक रूम सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक 633, आरक्षक सुनील प्रजापति, आरक्षक अरुण, आरक्षक आशुतोष गिरी एवं आरक्षक भारत बैरागी की सराहनीय भूमिका रही।