पिपलियामंडी। नगर के पिपलियामंडी–मनासा मार्ग पर कृषि उपज मंडी के सामने स्थित डिवाइडर लंबे समय से सड़क दुर्घटनाओं का कारण बना हुआ था। डिवाइडर पर लगा चेतावनी साइनबोर्ड काफी समय पहले क्षतिग्रस्त होकर गिर गया था, जिसके बाद विशेषकर रात्रि के समय और तेज गति से गुजरने वाले वाहन चालकों को डिवाइडर दिखाई नहीं देता था। इसके चलते यहां आए दिन दुर्घटनाएं होने की शिकायतें सामने आ रही थीं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस गंभीर समस्या की जानकारी कई बार संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों को दी गई, लेकिन लंबे समय तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। प्रशासन की उदासीनता से नाराज क्षेत्र के जागरूक रहवासियों ने आखिरकार स्वयं पहल करते हुए अपने निजी खर्च से डिवाइडर पर नया चेतावनी साइनबोर्ड लगवा दिया।

नागरिकों का मानना है कि इस पहल से वाहन चालकों को समय रहते डिवाइडर की जानकारी मिल सकेगी और दुर्घटनाओं में कमी आएगी। साथ ही उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि नगर के अन्य दुर्घटना संभावित स्थानों का भी सर्वे कर आवश्यक सुरक्षा संकेतक एवं रिफ्लेक्टर लगाए जाएं, ताकि भविष्य में सड़क हादसों को रोका जा सके।

सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की ही नहीं, बल्कि समाज की भी साझा जिम्मेदारी है। हालांकि ऐसे कार्यों की स्थायी व्यवस्था संबंधित विभाग द्वारा समय पर की जानी चाहिए, ताकि लोगों की जान जोखिम में न पड़े।