मंदसौर। थाना शहर कोतवाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ (एमडी) तस्करी के चर्चित मामले में एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए जमील उर्फ "जमील एंबुलेंस वाला" को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी जमील पिता जाकीर शाह (32 वर्ष) निवासी धारियाखेड़ी, जिला मंदसौर (हाल मुकाम लालबाग, रामपुरा जिला नीमच) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।पुलिस ने बताया कि इस मामले में अब तक कुल 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।यह कार्रवाई उस प्रकरण में की गई है, जिसमें 7 मई 2026 को कोतवाली पुलिस ने आरोपी इमरान उर्फ बंटी पठान को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 500 ग्राम एमडी ड्रग्स और 500 ग्राम अफीम बरामद की थी। इस संबंध में थाना शहर कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18, 22 एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।मुख्य आरोपी इमरान से पुलिस रिमांड के दौरान हुई पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने पहले ही महावीर चौहान, सादिक गढ़वी, सलमान, शाकिर उर्फ चेला, असलम हुसैन और परमानंद उर्फ बाबू सिंधी सहित छह अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।अब पूछताछ के क्रम में सामने आए आरोपी जमील को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार जमील पहले भी इंदौर क्राइम ब्रांच के एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण में आरोपी रह चुका है।पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौर एवं थाना शहर कोतवाली मंदसौर की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
posted by : Admin/Pointer Media
25 Jul 2026, 01:28 PMएमडी ड्रग्स मामले में 'जमील एंबुलेंस वाला' गिरफ्तार, अब तक 8 आरोपी गिरफ्तार
