मल्हारगढ़। स्थानीय अपेक्स लाइब्रेरी मल्हारगढ़ के परिश्रमी एवं लगनशील विद्यार्थियों के विभिन्न शासकीय सेवाओं में चयन होने पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चयनित विद्यार्थियों का स्मृति चिन्ह एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश पुलिस विभाग में कांस्टेबल पद पर महेन्द्रसिंह शक्तावत, निलेश राठौड़, चेतन राठौर, निकिता गुर्जर, चेतना पण्डियार, सुमन गुर्जर एवं सरिता गुर्जर का चयन होने पर सम्मानित किया गया।

वहीं राजस्व विभाग में युवराजसिंह सोलंकी का पटवारी पद पर चयन हुआ, जबकि जतिन गुर्जर का चयन सीआरपीएफ में हुआ।

इसके अलावा स्कूली शिक्षा विभाग में सुमित्रा सेन एवं ज्योति कारपेंटर का शिक्षक वर्ग-3 पद पर चयन हुआ तथा स्वप्ना रामदास नायक का चयन ब्रांच पोस्ट मास्टर पद पर हुआ।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी मोहन मालवीय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता कभी आसान नहीं होती। यह प्रतिस्पर्धा का दौर है, जिसमें निरंतर मेहनत, सेल्फ स्टडी और लाइब्रेरी का सहयोग सफलता दिलाता है। उन्होंने कहा कि यह विद्यार्थियों की उपलब्धि है और यह सफलता का अंतिम पड़ाव नहीं बल्कि शुरुआत है।

शासकीय महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. एजाज हुसैन ने कहा कि हर सफलता के पीछे विद्यार्थी और उनके परिवार का संघर्ष छिपा होता है, जो उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाता है।

इस अवसर पर सरपंच प्रहलाद गुर्जर (अरनिया बोराना), कमलेश गोयल, मुकेश साहू, डॉ. जितेन्द्र सुरा, प्रधान आरक्षक संजय कर्णिक, भूपेंद्रसिंह, मुकेश राठोर, मंजु कुंवर एवं आरक्षक पूजा चौहान ने भी विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम में संस्था संचालक युनुस मोहम्मद रंगरेज ने अतिथियों का परिचय देते हुए विद्यार्थियों की सफलता की यात्रा साझा की। अतिथियों का स्वागत युनुस मोहम्मद रंगरेज, जया सेन, शबनम मंसूरी, जया पाटीदार, खुशबू लोहार, निखिल, घनश्याम, मोहित, धनराज एवं समीर द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का सफल संचालन छात्रा प्रियंका पाटीदार ने किया, जबकि अंत में आभार संस्था प्रभारी प्राचार्य राजनंदनी शक्तावत ने व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

