मंदसौर |  जिला पंचायत मंदसौर ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए जनपद पंचायत मल्हारगढ़ की ग्राम पंचायत कनघट्टी की सचिव श्रीमती शांति चौहान को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई विभिन्न शासकीय योजनाओं में अनियमितता पाए जाने के बाद की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत मल्हारगढ़ के जांच प्रतिवेदन क्रमांक 458 दिनांक 30 मार्च 2026 के आधार पर यह कार्रवाई की गई। 10 मार्च 2026 को किए गए निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा एवं अन्य निर्माण कार्यों में अनियमितताएं पाई गईं।

जांच में यह भी सामने आया कि सचिव द्वारा शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में गंभीर लापरवाही बरती गई तथा अपने दायित्वों का निर्वहन सही ढंग से नहीं किया गया। इसके चलते मध्यप्रदेश पंचायत सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम 1999 के तहत कार्रवाई करते हुए सचिव शांति चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जनपद पंचायत मल्हारगढ़ निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त होगा।

इसके साथ ही ग्राम पंचायत कनघट्टी का अतिरिक्त प्रभार श्री गोपाल प्रजापत, सचिव (जनपद पंचायत मल्हारगढ़) को सौंपा गया है। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक अथवा 90 दिवस की अवधि तक प्रभावी रहेगी।

जिला पंचायत द्वारा की गई इस कार्रवाई को प्रशासनिक सख्ती के रूप में देखा जा रहा है, जिससे शासकीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन की उम्मीद जताई जा रही है।