मंदसौर। मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। शुक्ला चौक पर चाय पी रहे 21 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि बीच-बचाव करने आया उसका साथी भी घायल हो गया। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है ।

जानकारी के अनुसार मृतक साहिल शाह (21) निवासी मदरापुरा शाम करीब 6:30 बजे घर से निकला था। परिजनों को उसने कहा था कि वह थोड़ी देर में लौट आएगा, लेकिन रात करीब 8 बजे उसकी हत्या की खबर घर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि साहिल की शादी तीन महीने पहले ही हुई थी, जिससे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

घायल दोस्त रहीम शाह ने बताया कि रात करीब 8 बजे वह और साहिल शुक्ला चौक स्थित चाय की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान अमन शाह बाइक से वहां पहुंचा और साहिल पर घूरकर देखने का आरोप लगाने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और आरोपी ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।

हमला इतना तेज था कि साहिल संभल नहीं पाया। आरोपी ने सीधे सीने पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे रहीम शाह को भी हाथ और शरीर पर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने साहिल को मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टरों के अनुसार सीने पर गहरे घाव और अधिक खून बहने के कारण साहिल की मौत हुई। वहीं रहीम शाह का इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

कोतवाली पुलिस के अनुसार वारदात के बाद आरोपी अमन शाह पिता आमीन शाह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल के बयान दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि विवाद केवल घूरकर देखने को लेकर हुआ या फिर कोई पुरानी रंजिश भी थी।

घटना के बाद अस्पताल के बाहर लोगों की भीड़ लग गई और क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।