मंदसौर | अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंदसौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय आदतन मादक पदार्थ तस्कर प्रवेश उर्फ कान्हा पाटीदार को निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल इंदौर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रवेश उर्फ कान्हा पिता राधेश्याम पाटीदार (30 वर्ष) निवासी सुपड़ा थाना पिपलियामंडी जिला मंदसौर के खिलाफ स्वापक औषधि और मनः प्रभावी पदार्थ अवैध व्यापार निवारण अधिनियम 1988 (PIT NDPS Act) के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी लंबे समय से मध्यप्रदेश और राजस्थान में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था।

पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर जिला पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन में अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल के पर्यवेक्षण तथा एसडीओपी मल्हारगढ़ कीर्ति बघेल के निर्देशन में थाना पिपलियामंडी प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह इवने द्वारा कार्रवाई की गई।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध तैयार प्रतिवेदन जिला दण्डाधिकारी के माध्यम से आयुक्त उज्जैन को भेजा था, जिस पर PIT NDPS एक्ट की धारा 3(1) के तहत निरोधात्मक आदेश जारी किया गया। आदेश के पालन में 12 अप्रैल 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल इंदौर भेजा गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ कुल 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें 5 मामले अवैध मादक पदार्थ तस्करी से संबंधित हैं। ये मामले मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के अलावा राजस्थान के प्रतापगढ़, राजसमंद और चित्तौड़गढ़ जिलों में दर्ज हैं। इसके अलावा आरोपी पर मारपीट, धमकी, चोरी और दुर्घटना से संबंधित अन्य 4 मामले भी दर्ज हैं।

मंदसौर पुलिस द्वारा ICJS पोर्टल के माध्यम से जिले के सूचीबद्ध मादक पदार्थ तस्करों के आपराधिक रिकॉर्ड को अपडेट किया जा रहा है तथा उनके डोजियर तैयार किए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत आरोपी प्रवेश उर्फ कान्हा पाटीदार पर निरोधात्मक कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पिपलियामंडी निरीक्षक विक्रम सिंह इवने, उपनिरीक्षक चन्द्रशेखर बैरागी, उपनिरीक्षक मूलचंद सिंह धाकड़, प्रधान आरक्षक पुष्पेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक वसीम खान, आरक्षक पवन पाटीदार, आरक्षक घनश्याम नागदा, आरक्षक जुगल किशोर एवं आरक्षक सुभाष प्रसाद की सराहनीय भूमिका रही।

मंदसौर पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और आदतन अपराधियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।