मल्हारगढ़। शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहे जागृति हाई स्कूल मल्हारगढ़ के नाम एक और सफलता जुड़ गई है। विद्यालय की पूर्व छात्रा चेतना पण्डियार ने पुलिस विभाग में कॉन्स्टेबल पद पर चयनित होकर अपने परिवार और नगर का नाम रोशन किया है।
गरीब परिवार से आने वाली चेतना पण्डियार, पिता वर्दीचंद्र पण्डियार ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद मेहनत और लगन से यह सफलता हासिल की। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में बल्कि पूरे मल्हारगढ़ नगर में खुशी का माहौल है।
विद्यालय परिवार ने चेतना की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि छात्राओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। "खूब लड़ी मर्दानी वह तो झांसी वाली रानी थी" की तर्ज पर आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं, चेतना इसकी एक प्रेरणादायक मिसाल हैं।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार, नगर के गणमान्य नागरिकों एवं क्षेत्रवासियों ने चेतना और उनके परिवार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय प्रबंधन ने इस अवसर पर अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए विद्यालय का चयन सोच-समझकर करें। किसी भी बहकावे, दिखावे, लालच या प्रलोभन में आए बिना स्वयं विद्यालय का निरीक्षण करें और गुणवत्ता के आधार पर निर्णय लें।
चेतना पण्डियार की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मेहनत और सही मार्गदर्शन से ग्रामीण क्षेत्र के छात्र भी बड़ी सफलता हासिल कर सकते हैं।
