मंदसौर / कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने सर्किट हाउस में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की समीक्षा की। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना, जिला पंचायत सीईओ श्री अनुकूल जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री बघेल, एसडीएम श्री शाक्य सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने निर्देश दिए कि एचपीवी वैक्सीन के लिए डोर-टू-डोर सर्वे कार्य अनिवार्य रूप से किया जाए। जिन गांवों में बालिकाओं का वैक्सीनेशन कम हुआ है, उन गांवों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि ब्लॉकवार योजना बनाकर प्रत्येक ब्लॉक में पांच-पांच गांवों का चयन कर विशेष अभियान के तहत वैक्सीनेशन किया जाए। साथ ही स्कूलों से समन्वय स्थापित कर वहां अध्ययनरत बालिकाओं का भी टीकाकरण कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक लाभार्थियों को कवर किया जा सके।

कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जाए।