मंदसौर / कलेक्टर एवं बैंक प्रशासक श्रीमती अदिती गर्ग के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में जिला सहकारी बैंक मंदसौर ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अटल पेंशन योजना (APY) के अंतर्गत देशभर में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। बैंक द्वारा सर्वाधिक APY खाते खोलने के परिणामस्वरूप जिला सहकारी बैंक मंदसौर ने राष्ट्रीय स्तर पर टॉप-5 बैंकों में अपना स्थान सुनिश्चित किया है, वहीं सहकारिता क्षेत्र की बैंकों में प्रथम स्थान प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
बैंक मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनिल कच्छारा द्वारा उक्त जानकारी देते हुवे अवगत कराया है कि यह उपलब्धि बैंक की मजबूत कार्यप्रणाली, ग्राहक-केंद्रित सेवाओं एवं जन-जन तक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को पहुँचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। बैंक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने टीम भावना के साथ कार्य करते हुए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में APY योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया, जिससे बड़ी संख्या में नए खातों का सफल पंजीयन संभव हो सका।
बैंक प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय अपने समर्पित कर्मचारियों, सहयोगी संस्थाओं एवं जागरूक ग्राहकों को दिया है। उन्होंने कहा कि बैंक भविष्य में भी इसी प्रकार जनहितकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग को लाभान्वित करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
इस उपलब्धि से न केवल बैंक की साख में वृद्धि हुई है, बल्कि सहकारिता क्षेत्र को भी राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिली है।
