शामगढ़, मंदसौर | मध्य प्रदेश शासन की नीति के अनुरूप रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत मंदसौर जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की प्रक्रिया 9 अप्रैल से विधिवत प्रारंभ हो गई है। जिले के कुल 72 उपार्जन केंद्रों पर खरीदी शुरू की गई, जहां पहले पहुंचने वाले किसानों का साल, माला और तिलक लगाकर सम्मान किया गया।
इस वर्ष महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में 6 महिला सहायता समूहों को भी खरीदी की जिम्मेदारी दी गई है। शासन द्वारा इस वर्ष गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, वहीं राज्य शासन द्वारा किसानों को 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस भी दिया जाएगा।
गरोठ रोड स्थित चौधरी वेयरहाउस में गेहूं उपार्जन का विधिवत पूजन-अर्चन कर शुभारंभ मंडल अध्यक्ष श्रीमती नीलकमल राजेश मेहता द्वारा किया गया। इस दौरान पहले पहुंचे किसानों का तिलक कर साल-माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत की गई। कार्यक्रम के दौरान सर्वेयर से व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी लेकर उपार्जन केंद्र का निरीक्षण भी किया गया।
पिछड़ा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष रणजीत सिंह चौहान ने कहा कि उपार्जन कार्य पूर्ण पारदर्शिता और सुचारू रूप से संचालित होना चाहिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मंडल अध्यक्ष नीलकमल मेहता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार किसानों के कल्याण के लिए सतत प्रतिबद्ध है। सरकार की योजनाओं के माध्यम से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर भुगतान और सुगम व्यवस्था उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
इस अवसर पर मंडल महामंत्री दरबार सिंह किलगारी, राजेश मेहता, प्रमोद चावड़ा, सांवरिया पोरवाल, एल्डरमैन विशाल शर्मा, राजेंद्र मालवीय, वेयरहाउस संचालक राहुल चौधरी, विजय रितुदिया, सचिन परिहार, श्याम पाटीदार, सतीश मांदलिया, दिनेश जोशी सहित उपार्जन केंद्र के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्टाफ उपस्थित रहे।
