मंदसौर | बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा एचपीवी वैक्सीनेशन जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एचपीवी वैक्सीनेशन जागरूकता रथ बाबुलदा, भानपुरा और गांधी सागर क्षेत्र में पहुंचा, जहां ग्रामीणों को टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी गई।
मंदसौर कलेक्टर अदिति गर्ग के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. चौहान के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक कर रही है। अभियान के दौरान जगदीश खींची एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने आमजन को एचपीवी वैक्सीनेशन के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
जगदीश खींची ने बताया कि एचपीवी वैक्सीनेशन सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए प्रभावी और सुरक्षित है। यह वैक्सीन विशेष रूप से 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को लगाई जाती है, जिससे भविष्य में कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
उन्होंने माता-पिता एवं अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अपनी बेटियों का टीकाकरण अवश्य करवाएं। यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इससे गंभीर साइड इफेक्ट नहीं होते हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, एनजीओ एवं पत्रकारों से भी अभियान में सहयोग की अपील की है, ताकि अधिक से अधिक बालिकाओं को इस वैक्सीनेशन का लाभ मिल सके।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, गांव के गणमान्य नागरिक, माताएं एवं बहनें भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।
