सीतामऊ। आज सुबह दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर बिलारी के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। किराना सामान से भरा एक आईसर ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में गिर गया। हादसे में दो लोग घायल हो गए, जिनमें चालक ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंस गया था।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 टीम मौके पर पहुंची। पायलट वीरेंद्र सिंह और आरक्षक नीतेश पंवार ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया। चालक ट्रक के अंदर फंसा हुआ था, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। इसके बाद दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। 

बताया जा रहा है कि ट्रक में किराना सामान भरा हुआ था, जो फरीदाबाद से पुणे की ओर जा रहा था। हादसे के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। 

स्थानीय लोगों ने डायल-112 टीम की तत्परता की सराहना की, क्योंकि समय रहते घायलों को अस्पताल पहुंचाने से बड़ी जनहानि टल गई।

पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।