शामगढ़ पुलिस ने स्विफ्ट कार से किया मादक पदार्थ जब्त, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज

मंदसौर | मंदसौर जिले की शामगढ़ थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 86 किलो डोडाचूरा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक स्विफ्ट कार भी जब्त की है।

पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (गरोठ) हेमलता कुरील एवं एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शामगढ़ उपनिरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय के नेतृत्व में टीम ने यह सफलता हासिल की।

पुलिस के अनुसार 9 अप्रैल 2026 को शामगढ़ थाना के सहायक उपनिरीक्षक शारदा प्रसाद तिवारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति स्विफ्ट कार में अवैध डोडाचूरा लेकर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सफेद रंग की स्विफ्ट कार क्रमांक RJ 17 CB 6200 को रोका और तलाशी ली।

तलाशी के दौरान कार से 86 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 72 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से आरोपी नरेन्द्र सिंह उर्फ शंभु सिंह (36) निवासी ग्राम गुराड़िया जोगा, थाना मिश्रोली, जिला झालावाड़ (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 120/26 धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जब्त सामग्री

  • 86 किलोग्राम डोडाचूरा (कीमत करीब 1.72 लाख रुपये)
  • सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट कार क्रमांक RJ 17 CB 6200 (कीमत करीब 7 लाख रुपये)

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय, उपनिरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह दांगी, सहायक उपनिरीक्षक शारदा प्रसाद तिवारी, प्रधान आरक्षक धनपाल जाट, आरक्षक विकास राठौर, इरफान खान, हीरालाल, विशाल सिंह चंद्रावत एवं चालक सुल्तान मंसूरी सहित पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।