ऑपरेशन मुस्कान के तहत राजस्थान की छोटी सादड़ी से एक नाबालिग बालिका को भी किया दस्तयाब
मंदसौर | मंदसौर जिले की दलौदा थाना पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 24 घंटे के भीतर दो अपहृत बालिकाओं को सकुशल बरामद किया है। पुलिस ने एक नाबालिग बालिका को राजस्थान के छोटी सादड़ी क्षेत्र से दस्तयाब कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में गुमशुदा नाबालिग बालक-बालिकाओं की तलाश के लिए ऑपरेशन मुस्कान अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में जिले के सभी थाना प्रभारियों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल तथा एसडीओपी मंदसौर ग्रामीण कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना दलौदा प्रभारी उनि शुभम व्यास के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए राजस्थान के छोटी सादड़ी क्षेत्र से अपहृत बालिका को सकुशल बरामद किया।
पुलिस के अनुसार 06 मार्च 2026 को एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री के अपहरण की रिपोर्ट थाना दलौदा में दर्ज कराई थी। इस पर थाना दलौदा में धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
थाना प्रभारी द्वारा विशेष टीम गठित कर संभावित स्थानों पर तलाश की गई। पुलिस ने मुखबिरों और रिश्तेदारों की मदद से सूचना एकत्रित की और तकनीकी व व्यवसायिक कौशल का उपयोग करते हुए राजस्थान के छोटी सादड़ी क्षेत्र से बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
बरामद बालिका को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि शुभम व्यास, उनि राधेश्याम पंवार, आरक्षक अनिल आर्य, आरक्षक युवराज सिंह, प्रधान आरक्षक लक्ष्मी पाटीदार, प्रधान आरक्षक आशा कुमावत, महिला आरक्षक राखी गुर्जर एवं महिला आरक्षक रीना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है, वहीं ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत लगातार मिल रही सफलता से पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना हो रही है।