मंदसौर । जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महुवा में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों तथा एक विधि-विरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगद राशि और सोने के आभूषण भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशानुसार जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ हेमलता कुरील तथा एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश प्रजापति के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम महुवा निवासी फरियादी भगवतीलाल पिता मांगीलाल सुरावत (62 वर्ष) ने थाना सीतामऊ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 अप्रैल 2026 को शाम करीब 5 बजे वह घर में ताला लगाकर अफीम तौल के लिए सीतामऊ स्थित विजय पैलेस गया था। 2 अप्रैल को दोपहर करीब 12 बजे घर लौटने पर लोहे की अलमारी का ताला टूटा मिला। जांच करने पर अलमारी में रखी तीन सोने की चैन (मंगलसूत्र) और दो जोड़ी सोने की झुमकियां गायब थीं।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 158/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। संदेह के आधार पर ग्राम महुवा निवासी दशरथ उर्फ कालू से पूछताछ की गई, जिसने एक विधि-विरुद्ध बालक के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने चोरी का सामान अशोक पिता कन्हैयालाल जैन निवासी काचरियाजाट तथा प्रभात पिता रमेशचंद्र नलवाया निवासी सीतामऊ को बेच दिया था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 80 हजार रुपये नगद तथा लगभग 60 हजार रुपये कीमत के सोने के कान के टाप्स जब्त किए हैं।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश प्रजापति सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
