मंदसौर | मंदसौर शहर के गांधी चौराहे पर हुई युवक की हत्या के मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने फरार चल रहे आरोपियों को तलाशने के लिए अलग-अलग टीम गठित कर आसपास के जिलों में दबिश दी, जिसके बाद सफलता मिली।
पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. सिंह बघेल, नगर पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह भास्कर के निर्देशन तथा थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह राठौर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 05 अप्रैल 2026 की रात करीब 9:30 बजे आरोपी युवराज माली और रोहित चौहान ने पुराने विवाद के चलते नरसिंहपुरा निवासी अरुण वर्मा को बातचीत के लिए गांधी चौराहे पर बुलाया था। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने चाकू से हमला कर अरुण वर्मा को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अलग-अलग पुलिस टीमों को मंदसौर सहित रतलाम, अलीराजपुर और पेटलावद क्षेत्रों में रवाना किया गया। लगातार दबिश और तकनीकी जानकारी के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया । पुलिस ने युवराज पिता रवि माली (19 वर्ष), निवासी कर्मचारी कॉलोनी, अभिनंदन नगर, मंदसौर, रोहित पिता शंकरलाल चौहान (23 वर्ष), निवासी अलावदाखेड़ी, मंदसौर को गिरफ्तार किया ।
इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह राठौर सहित प्रआरक्षक विनोद नामदेव, अजय सिंह, शैलेन्द्र सिंह, नरेन्द्र सिंह, मोहित पंवार, अरुण कुमार, हरीश राठौर, जितेन्द्र मालोदे, अमित पांचाल, सुधीर राठौर, समरथ चौहान, मनीष धौलपुरिया, ईश्वर धाकड़, भगवानदास, वसीम अकरम, आशुतोष गिरी तथा सैनिक रामेश्वर कुमावत सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
