कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धुंधडका का किया निरीक्षण
मंदसौर / कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धुंधडका का निरीक्षण कर एचपीवी वैक्सीनेशन के तहत संचालित कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एक्स-रे, टीबी अभियान, ओपीडी एवं आईपीडी रजिस्टर तथा अस्पताल में उपलब्ध बेड्स की स्थिति का भी जायजा लिया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन, एसडीएम मंदसौर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में एचपीवी वैक्सीनेशन की प्रगति कम है या जहां अधिक गैप है, वहां विशेष टीम भेजकर अभियान को तेज किया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी 30 दिनों में वैक्सीनेशन का लक्ष्य 100 प्रतिशत पूर्ण किया जाए। इसके लिए गांव स्तर पर आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों की सूची तैयार कर समग्र आईडी के आधार पर सत्यापन किया जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एंबुलेंस व्यवस्था की भी समीक्षा की और निर्देश दिए कि आपात स्थिति में समय पर एंबुलेंस उपलब्ध हो तथा निर्धारित समय में मौके पर पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने और सभी आवश्यक सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
