जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का किया निरीक्षण

मंदसौर / कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने ग्राम धमनार में आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-1 एवं जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत निर्मित हो रहे वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का निरीक्षण किया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन एवं एसडीएम मंदसौर उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों की उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन कर आवश्यक जानकारी ली तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका से चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि बच्चों की उपस्थिति नियमित एवं समय पर दर्ज की जाए।

कलेक्टर ने केंद्र में प्रदर्शित भोजन मेन्यू एवं चार्ट का निरीक्षण कर बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता जांची। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी में बच्चों को प्रतिदिन निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही पोषण आहार एवं टीएचआर (टेक होम राशन) पैकेट के नियमित वितरण के निर्देश भी दिए।

उन्होंने आंगनवाड़ी में भोजन उपलब्ध कराने वाले शारदा समूह की जानकारी लेते हुए सभी बच्चों की सही एवं पूर्ण एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए तथा छत के ढलान (स्लोप) की तकनीकी जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि सिस्टम का निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ किया जाए, ताकि वर्षा जल का प्रभावी संचयन हो सके।