कलेक्टर ने ग्राम कटक्या में अमरूद की प्राकृतिक खेती को देखा

मंदसौर / कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने आज ग्राम कटक्या में किसान श्री राजकुमार पोरस द्वारा की जा रही अमरूद की प्राकृतिक खेती का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खेत में अपनाई जा रही प्राकृतिक कृषि पद्धतियों की सराहना की और बायो कल्चर के विकास पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन, मंदसौर एसडीएम, कृषि विभाग के अधिकारी, कर्मचारी किसान मौजूद थे।

कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने कहा कि खेती में बायो कल्चर का उपयोग अत्यंत लाभकारी है, इससे भूमि की उर्वरता बढ़ती है और रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम होती है। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती को अपनाने और जैविक संसाधनों के अधिकतम उपयोग के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान किसान राजकुमार पोरस ने बताया कि वे लगभग 200 बीघा भूमि पर प्राकृतिक तरीके से खेती कर रहे हैं, जिसमें करीब 13 हजार अमरूद के पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने प्राकृतिक जीवामृत के उपयोग, उसकी मात्रा एवं समय के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बताया कि इस संबंध में उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र से प्रशिक्षण भी प्राप्त किया है।

कलेक्टर ने खेत में तैयार किए जा रहे प्राकृतिक जीवामृत एवं बायो कल्चर की प्रक्रिया को देखा और उसके उपयोग की जानकारी ली। किसान द्वारा खेत में उपलब्ध नरवाई अपशिष्ट को रोटावेटर के माध्यम से मिट्टी में मिलाकर प्राकृतिक खाद तैयार की जा रही है, जिसकी कलेक्टर ने सराहना की। किसान द्वारा अमरूद के पौधों के बीच लहसुन की मिश्रित खेती भी की जा रही है, जिससे अतिरिक्त आय प्राप्त हो रही है।