मंदसौर / डिजिटल जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत प्रदेश सहित मंदसौर जिले में 16 अप्रैल से स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। इस व्यवस्था के तहत नागरिक अब घर बैठे ही जनगणना पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे।
स्व-गणना के लिए नागरिकों को निर्धारित पोर्टल se.census.gov.in पर लॉगिन कर आवश्यक जानकारी भरनी होगी। इस फॉर्म में कुल 33 प्रश्न शामिल हैं, जिनमें घर के निर्माण की सामग्री, परिवार की जीवनशैली, उपयोग किए जाने वाले शौचालय के प्रकार तथा उपभोग किए जाने वाले खाद्यान्न से संबंधित जानकारी शामिल है।
स्व-गणना की प्रक्रिया इस प्रकार है:
- पोर्टल se.census.gov.in पर लॉगिन करें एवं राज्य का चयन करें।
- मुखिया का नाम एवं मोबाइल नंबर दर्ज करें।
- उपलब्ध 16 भाषाओं में से एक का चयन करें।
- ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करें।
- जिला, शहर एवं सही लोकेशन दर्ज करें।
- 33 प्रश्नों का फॉर्म सावधानीपूर्वक भरें।
- सभी जानकारी जांचने के बाद फॉर्म सबमिट करें।
- सबमिट के पश्चात संशोधन संभव नहीं होगा।
- सबमिट करने पर एस.एफ.आई.डी. (Self Enumeration ID) प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक है।
स्व-गणना पूर्ण होने के पश्चात 1 मई से 30 मई के बीच प्रगणक (एन्यूमरेटर) द्वारा घर-घर जाकर भरी गई जानकारी का सत्यापन किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे स्व-गणना प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता करते हुए समय पर एवं सही जानकारी दर्ज करें, जिससे जनगणना का कार्य सुचारू एवं सटीक रूप से पूर्ण किया जा सके।
