मंदसौर | मंदसौर जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नारायणगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 क्विंटल 02 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं अनुविभागीय अधिकारी मल्हारगढ़ कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रितेश डामोर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
मुखबिर सूचना पर घेराबंदी
पुलिस को 07 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नारायणगढ़-पिपलिया मंडी रोड से अवैध मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बरखेड़ा वीरपुरिया फंटा स्थित सगस बावजी मंदिर के पास घेराबंदी की।
इस दौरान पुलिस ने आइशर वाहन क्रमांक PB05AT6266 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में रखे 42 प्लास्टिक कट्टों से भारी मात्रा में डोडाचूरा बरामद किया गया।
पंजाब का तस्कर गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी बुटा सिंह पिता बिल्लु सिंह (28 वर्ष), निवासी जिला मोगा, पंजाब को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15, 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
वाहन और मोबाइल भी जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 15 लाख रुपये कीमत का आइशर वाहन और एक वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल भी जब्त किया है।
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क, सप्लाई चैन और अन्य आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाने में लगी हुई है। अधिकारियों के अनुसार मामले में जल्द ही और खुलासे होने की संभावना है।
— Pointer Media News
