उज्जैन/ जिले के माकड़ोन में एक युवक की निर्मम हत्या के बाद माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया है। गुस्साए परिजन और समाजजनों ने आज सुबह पूरा बाजार बंद करा दिया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए हैं। दरअसल माकड़ोन के गंगा जालिया मोहल्ले में रहने वाले 25 वर्षीय लखन सोलंकी की बीती रात चाकू मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि लखन को उसके दोस्तों ने रात करीब 10 बजे फोन कर तनोडिया रोड स्थित एक ढाबे पर बुलाया था। जैसे ही लखन वहां पहुंचा, जहांपर पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उस पर चाकुओं से हमला कर दिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

 सुबह होते ही भड़का आक्रोश, घटना के बाद आज सुबह माकड़ोन में तनाव फैल गया। परिजनों और समाजजनों ने बाजार बंद करा दिया, वहीं आरोपियों के घर तोड़ने की मांग उठाई, शव को चौराहे पर रखकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति को गंभीरता से देखते हुए एसडीएम बृजेश सक्सेना, एसडीओपी भविष्य भास्कर, तहसीलदार नवीनचंद्र कुंभकार सहित प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं तीन थानों की पुलिस बल तैनात कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, हमले में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। ढाबे और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

 वहीं फुटेज में हमलावर घटना के बाद भागते हुए दिखाई दिए है। बताया जा रहा है कि मृतक और आरोपी अलग-अलग समुदायों से हैं और पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हो चुका है। इस वजह से स्थिति और ज्यादा संवेदनशील बनी हुई है। समाचार लिखे जाने तक परिजन और समाजजन धरने पर डटे हुए हैं। प्रशासन लगातार समझाइश दे रहा है, लेकिन लोग आरोपियों की गिरफ्तारी तक पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। माकड़ोन में फिलहाल दहशत और तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है।

तराना/मकड़ोंन से सैय्यद नियामत अली की रिपोर्ट।