7 अप्रैल से 15 मई तक चलेगा विशेष अभियान
गरोठ / एसडीएम श्री राहुल चौहान द्वारा बताया गया कि कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग के मार्गदर्शन में गरोठ विकासखंड में शासकीय रास्तों को अतिक्रमण मुक्त करने हेतु “राहगीर अभियान” संचालित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि दिनांक 06 अप्रैल 2026 को जनपद पंचायत गरोठ के सभागार में बैठक आयोजित की गई, जिसमें तहसील गरोठ, भानपुरा एवं शामगढ़ के तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक एवं पटवारियों ने भाग लिया। बैठक में विभिन्न ग्रामों में शासकीय रास्तों पर हो रहे अतिक्रमण एवं अन्य समस्याओं के निराकरण हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।
“राहगीर अभियान” का संचालन 7 अप्रैल से 15 मई 2026 तक किया जाएगा। अभियान के तहत शासकीय रास्तों का अभिलेख अद्यतन करना, मौके पर चिन्हांकन करना तथा अतिक्रमण पाए जाने पर पहले स्वेच्छा से हटाने हेतु प्रेरित किया जाएगा। आवश्यक होने पर विधि अनुसार कार्रवाई करते हुए रास्तों को अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा।
अभियान को 10 चरणों में जनभागीदारी के साथ संचालित किया जाएगा। इसकी कार्ययोजना को 14 अप्रैल 2026 की ग्राम सभा के एजेंडे में शामिल कर प्रस्तुत करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
इसके अलावा कच्चे रास्तों पर जलभराव एवं कीचड़ की समस्या के समाधान हेतु ग्राम पंचायतों द्वारा उपलब्ध संसाधनों एवं जनसहभागिता से गिट्टी-मुरम डालकर सुधार कार्य भी किए जाएंगे।
