मंदसौर / जनगणना 2027 के अंतर्गत जिले में प्रथम चरण की कार्यवाही को लेकर कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में सुशासन भवन स्थित सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में जनगणना का प्रथम चरण 16 से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित होगा, जिसमें 18 से 30 अप्रैल तक नागरिकों द्वारा स्व-गणना की जाएगी। इसके पश्चात 1 मई से 30 मई 2026 तक प्रगणकों द्वारा मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा।

कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करें तथा अधिक से अधिक नागरिकों को इसमें भाग लेने हेतु प्रेरित करें।

जनगणना के सफल संचालन हेतु जन-सामान्य की जागरूकता एवं सहयोग को महत्वपूर्ण बताते हुए बताया गया कि जनगणना निदेशालय, मध्यप्रदेश द्वारा व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत नगर निकायों की कचरा संग्रहण वाहनों पर ऑडियो संदेश, शासकीय कार्यालयों के एलईडी डिस्प्ले, नोटिस बोर्ड, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली, प्रमुख चौराहों, स्थानीय केबल नेटवर्क तथा जिला स्तरीय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से जनगणना संबंधी जानकारी का प्रसारण किया जाएगा।

आम नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे 18 से 30 अप्रैल तक स्व-गणना में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा 1 से 30 मई के दौरान प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी प्रदान कर सहयोग करें। सही जानकारी देना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

बैठक में जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती एकता जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।