नोडल अधिकारी उपार्जन केंद्रों में आधारभूत सुविधाओं को चेकलिस्ट अनुसार चेक करें
मंदसौर / कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में सोमवार को सुशासन भवन स्थित सभागार में साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सभी जनपद पंचायतों के सीईओ को कार्य योजना बनाकर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तालाबों से गाद निकालने, बावड़ियों की गहराई तक सफाई करने तथा जल स्रोतों का संरक्षण प्राथमिकता से किया जाए। साथ ही ऐसे पुराने जल स्रोत जो समाप्त हो चुके हैं, उनका जीर्णोद्धार कर पुनर्जीवित किया जाए, ताकि जिले में जल संरचना मजबूत हो सके।

उन्होंने पीएचई विभाग एवं जल निगम को जनभागीदारी के माध्यम से कार्य कराने के निर्देश दिए। सभी नगरीय निकायों को ग्रीष्मकाल में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं स्थानीय जल स्रोतों की पहचान कर उन पर कार्य करने के लिए कहा गया।
कलेक्टर ने स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन करने, एचपीवी वैक्सीनेशन का शत-प्रतिशत लक्ष्य शीघ्र पूर्ण करने तथा पीडीएस दुकानों को नियमित खोलकर खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गेहूं उपार्जन की समीक्षा करते हुए किसानों के पुनः सत्यापन एवं भंडारण व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने सभी उपार्जन केंद्रों पर नोडल अधिकारियों को आधारभूत सुविधाओं की चेकलिस्ट के अनुसार नियमित जांच करने के निर्देश दिए।

नरवाई प्रबंधन के तहत सभी एसडीएम को तहसीलवार रिपोर्ट तैयार करने एवं प्रभावी कार्यवाही करने को कहा गया। ई-विकास पोर्टल के माध्यम से खाद विक्रय तथा निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने संजय गांधी उद्यान में आयोजित पुस्तक मेले एवं पुस्तक दान पहल की सराहना की। उन्होंने सभी स्कूलों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों को समय पर पुस्तकें एवं साइकिल वितरण करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
