मंदसौर | शामगढ़ | मंदसौर पुलिस को एनडीपीएस एक्ट में फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। थाना शामगढ़ पुलिस ने 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी सहित दो फरार आरोपियों को कॉम्बिंग गश्त के दौरान गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी लंबे समय से एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न मामलों में फरार चल रहे थे।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (गरोठ) हेमलता कुरील एवं एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी शामगढ़ कपिल सोराष्ट्रीय के नेतृत्व में टीम ने कॉम्बिंग गश्त के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी यशवंत सिंह उर्फ जसवंत पिता कालू सिंह सोंधिया राजपूत निवासी ग्राम खाईखेड़ा थाना शामगढ़ को गिरफ्तार किया। आरोपी थाना शामगढ़ के तीन प्रकरणों सहित राजस्थान के चार अलग-अलग एनडीपीएस मामलों में फरार चल रहा था।

आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। आरोपी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 5000 रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई थी।

इसी दौरान पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार आरोपी लक्ष्मण सिंह पिता गब सिंह सोंधिया राजपूत निवासी ग्राम गरड़ा थाना शामगढ़ को भी गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट एवं एनडीपीएस एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपी यशवंत सिंह पर थाना शामगढ़ के अलावा राजस्थान के जोधपुर, बाड़मेर और कोटा ग्रामीण में भी एनडीपीएस एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी लक्ष्मण सिंह पर मंदसौर एवं राजस्थान के विभिन्न थानों में आबकारी एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण दर्ज हैं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कपिल सोराष्ट्रीय, उपनिरीक्षक मनोज महाजन (चंदवासा चौकी प्रभारी), उपनिरीक्षक रविंद्र प्रताप डांगी, प्रधान आरक्षक सूरजपाल सिंह, धनपाल जाट, बहादुर सिंह, प्रदीप पानेरी सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।

मंदसौर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त संदेश गया है और पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की धरपकड़ अभियान लगातार जारी है।