मंदसौर। मंदसौर-सीतामऊ-सुवासरा मार्ग पर लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर जनप्रतिनिधियों ने चिंता जताते हुए मार्ग को 4-लेन में परिवर्तित करने की मांग उठाई है। जिला पंचायत सदस्य दीपक सिंह गुर्जर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एमपीआरडीसी के संभागीय महाप्रबंधक मानवेंद्र सिंह कनेश को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि मंदसौर-सीतामऊ-सुवासरा मार्ग पर प्रतिदिन भारी वाहनों एवं आम नागरिकों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। सड़क संकरी होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे क्षेत्रवासियों में भय का माहौल बना हुआ है। कई बार गंभीर दुर्घटनाओं में जनहानि भी हो चुकी है, बावजूद इसके मार्ग के चौड़ीकरण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
जिला पंचायत सदस्य दीपक सिंह गुर्जर ने कहा कि यह मार्ग जिले के प्रमुख संपर्क मार्गों में से एक है, जो कई गांवों एवं कस्बों को जोड़ता है। सड़क को 4-लेन में परिवर्तित करने से यातायात सुगम होगा तथा दुर्घटनाओं में कमी आएगी। उन्होंने जल्द सर्वे कर निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही इस मांग पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय नागरिक भी उपस्थित रहे, जिन्होंने सड़क चौड़ीकरण को क्षेत्र की आवश्यकता बताते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
