मंदसौर | मंदसौर शहर कोतवाली पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 किलो 500 ग्राम एमडी ड्रग्स मामले में फरार चल रहे आरोपी को गुजरात राज्य से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये आंकी गई थी।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देश पर जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. सिंह बघेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह भास्कर के निर्देशन तथा थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

1 फरवरी को पकड़ी गई थी बड़ी खेप

जानकारी के अनुसार 01 फरवरी 2026 को मुखबिर सूचना पर थाना कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुलशेर खान पठान (50 वर्ष) निवासी प्रतापगढ़ राजस्थान एवं नंदकिशोर उर्फ नंदु (35 वर्ष) निवासी राजाखेड़ी जिला मंदसौर को गिरफ्तार किया था।

दोनों आरोपियों के कब्जे से

  • 01 किलो 500 ग्राम एमडी ड्रग्स
  • अवैध डोडाचूरा (कीमत 7 हजार रुपये)
  • तस्करी में प्रयुक्त 2 मोटरसाइकिल

जब्त की गई थी। कुल 1 करोड़ 51 लाख 22 हजार रुपये का मशरूका जप्त कर अपराध क्रमांक 80/2026 धारा 8/15, 22, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पूछताछ में खुली तस्करी की कड़ी

पूछताछ के दौरान पुलिस ने तस्करी की श्रृंखला का पता लगाते हुए अजय सिंह शक्तावत (33 वर्ष) निवासी सेमलिया हिरा थाना दलौदा जिला मंदसौर को पूर्व में गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मादक पदार्थ गुजरात निवासी गोविंद भाई कोडी पटेल को सप्लाई किया जाना था।

गुजरात से आरोपी गिरफ्तार

इसके बाद थाना कोतवाली पुलिस की टीम गठित कर गुजरात भेजी गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए गोविंद भाई पिता छगनलाल कोडी पटेल (58 वर्ष) निवासी ग्राम जैपर, तहसील मूली, जिला सुरेन्द्रनगर (गुजरात) को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।

गिरफ्तार आरोपी

  1. अजय सिंह शक्तावत, निवासी सेमलिया हिरा, थाना दलौदा, जिला मंदसौर
  2. गोविंद भाई कोडी पटेल, निवासी जैपर, जिला सुरेन्द्रनगर, गुजरात

इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौर, सउनि कल्याण सिंह चरेल, प्रआर विनोद नामदेव, आर भारत बैरागी, आर हरीश राठौर, आर भानूप्रताप सिंह एवं आर नरेन्द्र सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

मंदसौर पुलिस ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।