उज्जैन की चिमनगंज पुलिस ने आगर आगर रोड स्थित कृष्णा मोटर्स गैरेज पर दबिश देकर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से एमडी ड्रग्स बनाने में उपयोग आने वाला 75 किलो ब्रोमोपोल क्रिस्टल पाउडर व केमिकल जब्त किया है। इसके अलावा साढे आठ लाख रुपये व कार भी जब्त की है। आरोपितों ने गुजरात की केमिकल कंपनियों से फर्जीवाड़े के ज़रिए पाउडर व केमिकल मंगवाया था। पुलिस सिंडिकेट के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आगर रोड स्थित कृष्णा मोटर्स गैरेज में नशीले पदार्थ एमडी ड्रग्स के निर्माण के लिए भारी मात्रा में अवैध केमिकल छुपाकर रखा गया है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर दबिश दी थी, जहां से पुलिस ने एमडीं झूस बनाने में उपयोग आने वाला प्रतिबंधित केमिकल ब्रोमोपोल क्रिस्टल पाउडर 75 किलो जब्त किया है। मौके से मुख्य आरोपित अर्पित उर्फ सौरभगुप्ता निवासी तिरुपति धाम एक्सटेंशन, रंजीत सिंह निवासी गरोठ, मंदसौर, ओमप्रकाश शर्मा निवासी बड़ौद्र, जिला आगर मालवा को गिरफ्तार किया है।
आरोपितों ने गुजरात की केमिकल कंपनियों से फर्जीवाड़े के जरिए ब्रोमोपोल एवं 2-ब्रोमो-4-मिथाइल प्रोपियोफिनोन जैसे पाउडर मंगाए थे। जिसका उपयोग कर एमडी ड्रग्स बनाकर उसे ऊंचे दामों पर बेचना चाहता था।
