📍 मल्हारगढ़ / मल्हारगढ़ स्थित श्री मंशापूर्ण हनुमान मंदिर पर हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। आयोजन समिति द्वारा दो दिवसीय कार्यक्रम घोषित किए गए थे, जिनमें विशाल शोभायात्रा एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

आयोजन के तहत 1 अप्रैल 2026, बुधवार को शाम 4 बजे से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में डीजे, ढोल-नगाड़े, अखाड़ा प्रदर्शन, आकर्षक झांकियां एवं पुष्प वर्षा विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मंदिर परिसर पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।

वहीं 2 अप्रैल 2026, गुरुवार को प्रातः 11 बजे से मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। विशाल भंडारा सुबह 11 बजे प्रारंभ हुआ, जो दिनभर एवं शाम तक निरंतर चलता रहा।

कार्यक्रम के समापन पर शाम 7 बजकर 30 मिनट पर महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और भगवान हनुमान जी की आरती कर सुख-समृद्धि की कामना की।

आयोजन को सफल बनाने में समिति सदस्यों एवं नगरवासियों का विशेष सहयोग रहा। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

