भोपाल/ उज्जैन : पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी सिंहस्थ 2028 के मद्देनजर नए बिजली ग्रिडों एवं उच्चदाब लाइनों के कार्य के साथ अन्य जरूरी कार्य प्राथमिकता से साथ करा रही है। इससे सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। साथ ही उज्जैन, ओंकारेश्वर नगरीय क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं को भी फायदा मिलेगा। उज्जैन में तलाई क्षेत्र में नया 33/11 केवी ग्रिड बनकर बिजली वितरण प्रारंभ किया जा चुका है। वहीं चारधाम, वाल्मीकि धाम में ग्रिड का कार्य तेजी से चल रहा है, नानाखेड़ा में ग्रिड का निर्माण जल्दी प्रारंभ किया जाएगा।
उज्जैन शहर में 33 केवी 20 किमी उच्चदाब लाइनों कार्य भी प्रगति पर है। वहीं 150 किमी निम्नदाब केबल स्थापना कार्य किया जा रहा है, शहर में 150 नए ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं। उज्जैन नगरीय क्षेत्र में कुछ स्थानों पर अंडरग्राउंड केबल कार्य भी किया गया है। सिंहस्थ के मद्देजर ओंकारेश्वर में मोरटक्का से 10.50 किमी 33 केवी उच्चदाब लाइन मोरधड़, थापना, कोठी, मुगेशनगर तक स्थापित की गई है। वहीं एसएसटीडी अंतर्गत ओकारेश्वर में सिंहस्थ दृष्टिगत नया 33/11 केवी सब स्टेशन का कार्य किया जा रहा है।
