मल्हारगढ/ महेश मरेठा / बरखेड़ा पंथ क्षेत्र में स्थित श्री सांवलिया सेठ धाम मंदिर में सेवा और आस्था का एक प्रेरणादायक उदाहरण देखने को मिला। शारदा पब्लिक स्कूल, पिपलिया मंडी के संचालक ओम प्रकाश गहलोत ने मंदिर प्रबंध समिति को ₹51,000 की सहयोग राशि भेंट कर अपनी गहरी धार्मिक भावना व्यक्त की।
इस महत्वपूर्ण योगदान के साथ ही गहलोत को मंदिर समिति का आजीवन सदस्य बनाया गया। सदस्यता की इस प्रक्रिया में डॉ. देवीलाल सेठिया एवं डॉ. गोपाल रत्नावत की विशेष भूमिका रही, जिनके प्रयासों से यह कार्य संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कथावाचक सुश्री कनक वैष्णव सहित मंदिर प्रबंधक के प्रबंधक मौजूद रहे।
समारोह के दौरान गहलोत का स्वागत करते हुए उन्हें श्री सांवलिया सेठ की आकर्षक तस्वीर भेंट की गई तथा दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने उनके इस सराहनीय योगदान की खुलकर प्रशंसा की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
मंदिर समिति ने गहलोत के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सहयोग से धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों को नई ऊर्जा मिलती है। यह पहल अन्य लोगों को भी सेवा और भक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।