पिपलियामंडी/रवि पोरवाल। महू-नीमच हाईवे मार्ग पर स्थित नगर की चौपाटी क्षेत्र में अव्यवस्थित पार्किंग के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। मुख्य सड़क पर खड़े वाहनों के चलते यातायात बाधित हो रहा है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति की गंभीरता तब सामने आई जब हाल ही में जाम के दौरान मरीज को लेकर जा रही एम्बुलेंस भी ट्रैफिक में फंस गई। काफी देर तक एम्बुलेंस के फंसे रहने से लोगों में नाराजगी देखने को मिली और प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि चौपाटी क्षेत्र में दुकानों के सामने वाहन खड़े करने से सड़क संकरी हो जाती है। इससे जहां यातायात प्रभावित होता है, वहीं दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। क्षेत्र में कई बार छोटे-मोटे हादसे भी हो चुके हैं।
नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि चौपाटी क्षेत्र में नियमित ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाए तथा सड़क पर खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही यातायात पुलिस की तैनाती कर अव्यवस्थित पार्किंग पर नियंत्रण करने की भी मांग की गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।