मंदसौर | मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी अभियान के तहत थाना दलौदा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की 02 मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना प्रभारियों को संपत्ति संबंधी अपराधों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं SDOP मंदसौर ग्रामीण कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी दलौदा उनि शुभम व्यास के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार थाना दलौदा क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों में दो मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। साथ ही विश्वसनीय मुखबिरों से सूचना प्राप्त कर आरोपी की तलाश की गई।
पुलिस ने आरोपी नागेश्वर पिता रामेश्वर धोबी (27 वर्ष) निवासी पटेला थाना दलौदा जिला मंदसौर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की 02 मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की संभावना है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच जारी है।