मंदसौर। समाजसेवी और उद्योगपति प्रदीप गनेड़ीवाल एवं प्रद्यूमन गनेड़ीवाल के पिता तथा स्व. राय साहब सेठ लक्ष्मीनारायण जी गनेड़ीवाल के सुपुत्र शहर के प्रतिष्ठित समाजसेवी एवं उद्योगपति श्री रणछोड़ प्रसाद गनेड़ीवाल का सोमवार को l हो गया।  उनके निधन की खबर से पूरे मंदसौर जिले में शोक की लहर फैल गई। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
गनेड़ीवाल जी जिनिंग-प्रेसिंग मिल के सफल उद्योगपति होने के साथ-साथ एक संवेदनशील और दूरदर्शी समाजसेवी के रूप में भी जाने जाते थे। उन्होंने अपने उद्योग के माध्यम से न केवल आर्थिक क्षेत्र में पहचान बनाई, बल्कि सैकड़ों युवाओं को रोजगार के अवसर देकर उनके जीवन को संवारने का कार्य भी किया।
समाजसेवा के क्षेत्र में उनका योगदान अत्यंत उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने हमेशा जरूरतमंदों की सहायता को प्राथमिकता दी और समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किया। उनके मार्गदर्शन में संचालित गनेड़ीवाल चैरिटेबल ट्रस्ट आज भी सेवा कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
ट्रस्ट द्वारा महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों ने गनेड़ीवाल परिवार को एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। उनके प्रयासों से अनेक लोगों को नई दिशा और सहारा मिला। इसके अलावा कोरोनाकाल में ट्रस्ट द्वारा किए गए समाजसेवा के कार्यों को मंदसौर कभी नहीं भूल सकता।
धार्मिक कार्यों में हमेशा आगे रहने वाले श्री रणछोड़ प्रसाद गनेड़ीवाल का व्यक्तित्व सरल, सौम्य और प्रेरणादायी था। वे हमेशा समाज के लिए कुछ बेहतर करने की सोच रखते थे। उनका जाना मंदसौर के लिए एक अपूरणीय क्षति है।