पुस्तकों पर 15% छूट, कॉपियों पर 30% और गणवेश पर 10% रियायत मिलेगी
मंदसौर / जिला प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से 1 अप्रैल से 5 अप्रैल 2026 तक पं. मदनलाल जोशी सभागार (संजय गांधी उद्यान) मंदसौर में विशेष पुस्तक एवं स्टेशनरी मेला आयोजित किया जाएगा। मेले का समय प्रतिदिन दोपहर 12:00 बजे से सायं 08:00 बजे तक रहेगा।
जिला शिक्षा अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग के निर्देशन में किया जा रहा है, जिससे निजी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को रियायती दरों पर पुस्तकें एवं शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
मेले में कक्षा 1 से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रकाशकों की पुस्तकों पर प्रिंट रेट से 15% तक की छूट प्रदान की जाएगी, जबकि NCERT की पुस्तकें नेट रेट पर उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा सभी प्रकार की कॉपियों पर 30% तक की छूट दी जाएगी।
इसी के साथ निजी विद्यालयों की गणवेश, टाई एवं मौजों पर भी 10% की रियायत दी जाएगी, जिससे अभिभावकों को आर्थिक रूप से राहत मिलेगी।
पुस्तक मेले में ऑक्सफोर्ड, पियरसन, नवनीत, नेक्स्ट एजुकेशन, मैकमिलन, ओरिएंटल, ब्लैकस्वान, E-DAC, गुडलक सहित अन्य प्रतिष्ठित प्रकाशकों की पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी।
इस संबंध में कलेक्टर द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम में स्टेशनरी एवं पुस्तक विक्रेता संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। निर्णय लिया गया है कि मेला अवधि के दौरान शहर की दुकानों पर पुस्तकों का विक्रय नहीं किया जाएगा।
विशेष पहल के रूप में मेले में “पुस्तक बैंक” भी स्थापित किया जाएगा, जहां अभिभावक एवं विद्यार्थी अपनी पुरानी उपयोग में नहीं आ रही पुस्तकें जमा कर सकेंगे। इन पुस्तकों को जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला प्रशासन ने जिले के समस्त अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से अपील की है कि वे इस पुस्तक मेले का लाभ उठाकर रियायती दरों पर शैक्षणिक सामग्री क्रय करें।
