नीमच। मध्यप्रदेश के नीमच जिला मुख्यालय से करीब 17 किलोमीटर दूर स्थित मालवा का प्रसिद्ध आरोग्य तीर्थ माँ भादवामाता मंदिर इन दिनों श्रद्धालुओं की आस्था का बड़ा केंद्र बना हुआ है। मालवा की वैष्णो देवी के नाम से विख्यात इस चमत्कारी धाम में दूर-दराज से हजारों श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंच रहे हैं।

मान्यता है कि यहाँ स्थित प्राचीन बावड़ी के जल से स्नान करने और माँ भादवामाता के दर्शन के साथ भभूत ग्रहण करने से लकवा सहित कई गंभीर बीमारियों में राहत मिलती है। यही कारण है कि देश-प्रदेश से लकवा पीड़ित और अन्य रोगों से पीड़ित लोग बड़ी संख्या में यहां आते हैं और माता की कृपा से स्वस्थ होकर लौटने का दावा करते हैं।

लकवा रोगियों के लिए आस्था का केंद्र
भादवामाता को मालवा का आरोग्य तीर्थ भी कहा जाता है। मंदिर परिसर में स्थित बावड़ी के जल को अमृत स्वरूप माना जाता है। श्रद्धालु यहां स्नान कर माता के दरबार में पूजा-अर्चना करते हैं और भभूत ग्रहण करते हैं। मंदिर से जुड़े लोगों का कहना है कि वर्षों से यहां अनेक रोगियों को लाभ मिला है।

सपना आने के बाद मिली मूर्ति
मंदिर के इतिहास के अनुसार, रूपा भील नामक व्यक्ति को माता ने सपने में दर्शन देकर गांव से कुछ दूरी पर जमीन में स्थापित अपनी मूर्ति निकालकर स्थापित करने का निर्देश दिया था। इसके बाद भील समाज के लोगों ने मूर्ति निकालकर वर्तमान स्थान पर स्थापित किया। तभी से यहां माता की पूजा-अर्चना की जा रही है।
आज भी इस मंदिर में भील समाज के पुजारी ही पूजा करते हैं और भील समुदाय माँ भादवा को अपनी कुलदेवी मानकर श्रद्धा से पूजता है।

पुजारी ने बताई माता की महिमा
मंदिर के पुजारी अर्जुन ने बताया कि भादवामाता धाम चमत्कारी स्थल है, जहां लकवा, नेत्र रोग, कोढ़ और निःसंतान दंपत्ति भी आशीर्वाद लेने आते हैं। विशेष रूप से लकवा पीड़ित यहां अधिक संख्या में आते हैं और बावड़ी के जल तथा भभूत से लाभ मिलने की बात कहते हैं।

श्रद्धालु ने साझा किया अनुभव
मनासा तहसील के गांव मोकड़ी निवासी लकवा पीड़ित हीरालाल ने बताया कि उन्हें वर्ष 2024-25 में पैरालिसिस हुआ था। अस्पताल में इलाज के बाद परिजन उन्हें भादवामाता लेकर आए, जहां करीब एक माह रहने के बाद उन्हें सुधार महसूस हुआ। पहले वह बोल और चल नहीं पा रहे थे, लेकिन अब लकड़ी के सहारे चलने और बोलने में सक्षम हैं। उन्होंने इसे माता की कृपा बताया।

नवरात्रि में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़
चैत्र नवरात्रि के चलते इन दिनों भादवामाता मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। रविवार को नवरात्रि के चौथे दिन हजारों श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे और माता से सुख-समृद्धि व स्वास्थ्य की कामना की।
मालवा का यह चमत्कारी धाम आज भी आस्था और विश्वास का बड़ा केंद्र बना हुआ है, जहां दुखी होकर आने वाले श्रद्धालु माता के दरबार से नई उम्मीद लेकर लौटते हैं।

