इंदौर। विजय नगर चौराहा स्थित श्री ग्वाल भैरव कालका माता मंदिर में चल रहे नवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत महाअष्टमी के पावन अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा। मंदिर समिति द्वारा इस दिन विशेष पूजा-अर्चना और आकर्षक सजावट की तैयारी की गई है।
मंदिर समिति से मिली जानकारी के अनुसार, महाअष्टमी के दिन महामाई का दरबार 7000 रुद्राक्षों से भव्य रूप से सजाया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। इस अवसर पर विधि-विधानपूर्वक विशेष अभिषेक एवं रुद्राभिषेक किया जाएगा। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ माता रानी की पूजा-अर्चना संपन्न होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

आयोजन की खास बात यह रहेगी कि महाअष्टमी के दिन पूजन में उपयोग किए गए पवित्र रुद्राक्षों को नवमी के दिन श्रद्धालुओं में प्रसाद स्वरूप वितरित किया जाएगा। मंदिर समिति के अनुसार ये रुद्राक्ष भक्तों के लिए आस्था, सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक शक्ति का प्रतीक होंगे।
नवरात्रि महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में विशेष सजावट, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे भक्तों में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस दिव्य आयोजन में शामिल हों और माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करें।

