तराना/  नगर में बीती रात से फैल रही अफवाहों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) बृजेश सक्सेना ने मीडिया से चर्चा करते हुए स्पष्ट रूप से कहा कि नगर में किसी भी आवश्यक वस्तु की कोई कमी नहीं है और नागरिकों को किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। उन्होंने बताया कि नगर के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। साथ ही, गैस एजेंसियों पर भी रसोई गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। प्रशासन द्वारा आवश्यकतानुसार लगातार सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है, जिससे आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। एसडीएम ने विशेष रूप से नागरिकों से अपील की है कि वे बिना पुष्टि के किसी भी खबर या संदेश पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे फैलाएं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर अफवाह फैलाते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का यह कदम लोगों में भरोसा बनाए रखने और अनावश्यक घबराहट को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है और सभी आवश्यक सेवाएं सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं। वहीं एसडीएम श्री सक्सेना ने कहा कि अफवाहों से दूर रहें और प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।