भाजपा में खुशी की लहर, समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ मनाया जश्न
तराना / लंबे समय से चर्चा और अटकलों में घिरी भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष की नियुक्ति पर आखिरकार निर्णायक मुहर लग गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने एक बार फिर युवा चेहरे आकाश बोड़ाना पर भरोसा जताते हुए उन्हें तराना नगर मंडल अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेशभर में नगर एवं ग्रामीण मंडल अध्यक्षों की घोषणा महीनों पहले हो चुकी थी, लेकिन तराना नगर मंडल अध्यक्ष की नियुक्ति लगातार टलती जा रही थी। इस बीच कई दिग्गज नेताओं द्वारा अपने-अपने समर्थकों को इस पद पर आसीन कराने के प्रयास भी तेज़ रहे। भोपाल से लेकर दिल्ली तक राजनीतिक हलचलें तेज़ थीं, जिससे यह मामला और अधिक चर्चा में बना रहा।

इन सभी अटकलों और सियासी खींचतान के बीच शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन के पत्र के माध्यम से जारी आदेश ने स्थिति स्पष्ट कर दी। आदेश में हेमंत खण्डेलवाल द्वारा आकाश बोड़ाना को पुनः अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की गई, जिससे तमाम अटकलों पर पूर्ण विराम लग गया। आकाश बोड़ाना की पुनर्नियुक्ति की खबर सामने आते ही उनके समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। शहर में कई स्थानों पर ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया गया, आतिशबाजी की गई और मिठाइयां बांटी गईं। कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लादकर स्वागत किया और उनके नेतृत्व में संगठन को और अधिक मजबूत और सक्रिय बनाने का भरोसा जताया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि युवा नेतृत्व को दोबारा मौका देकर भाजपा ने संगठन में नई ऊर्जा और स्थिरता का संदेश दिया है। अब सभी की नजरें आकाश बोड़ाना के आगामी कार्यकाल पर टिकी हैं, जहां उनसे संगठन विस्तार और आगामी चुनावों की तैयारियों को धार देने की उम्मीद की जा रही है।
तराना से सैय्यद नियामत अली की रिपोर्ट।
