किसान कल्याण वर्ष 2026
पर ड्रॉप मोर क्रॉप योजना में 450 करोड़ का बजट प्रावधान
मंदसौर / किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत जिले में किसानों को आधुनिक सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। “पर ड्रॉप मोर क्रॉप” योजना के तहत वर्ष 2026 के बजट में 450 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे जल संरक्षण के साथ-साथ फसलों की उत्पादकता बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
मंदसौर जिले का कुल कृषि योग्य रकबा 3,56,200 हेक्टेयर है, जिसमें से लगभग 90 प्रतिशत यानी करीब 3,10,000 हेक्टेयर क्षेत्र सिंचित है। जिले में सूक्ष्म सिंचाई (माइक्रो इरिगेशन) का विस्तार लगातार बढ़ रहा है, जिससे पानी की बचत और बेहतर उत्पादन सुनिश्चित हो रहा है।
योजना के अंतर्गत जिले को स्प्रिंकलर एवं ड्रिप सेट के लिए 1104 का लक्ष्य प्राप्त हुआ था, जिसके विरुद्ध सभी 1104 स्प्रिंकलर/ड्रिप सेट की स्वीकृति जारी कर दी गई है। इससे किसानों को आधुनिक सिंचाई तकनीक अपनाने में प्रोत्साहन मिलेगा और जल संसाधनों का अधिक कुशल उपयोग हो सकेगा।
अनुदान प्रावधान के तहत 2 हेक्टेयर से अधिक भूमि वाले कृषकों को लागत का 45 प्रतिशत तथा 1 से 2 हेक्टेयर तक के कृषकों को लागत का 55 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है।
किसान कल्याण वर्ष 2026 के तहत यह पहल किसानों की आय बढ़ाने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने और टिकाऊ कृषि प्रणाली विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जिले के अधिक से अधिक किसानों को योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
