मंदसौर / जिले में जल संरक्षण और जल स्रोतों के पुनर्जीवन के उद्देश्य से आज से जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ हुआ। इस अभियान के अंतर्गत नगर परिषद मल्हारगढ़ सहित पूरे जिले में सार्वजनिक कुओं, नालों एवं तालाबों की साफ-सफाई और संरक्षण कार्य प्रारंभ किए गए।

नगर परिषद मल्हारगढ़ में अभियान की शुरुआत वार्ड क्रमांक 03 स्थित कान कुईया तथा वार्ड क्रमांक 12 स्थित पुराने दशहरा मैदान में स्थित सार्वजनिक कुओं की सफाई से की गई। इस दौरान कुओं के अंदर एवं आसपास जमा गंदगी को हटाया गया, साथ ही आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया गया।

अभियान के तहत कुओं पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई भी की गई तथा कुओं पर स्थापित हेडपंपों की मरम्मत एवं सुधार कर उन्हें पुनः चालू किया गया, जिससे आमजन को स्वच्छ एवं सुलभ पेयजल उपलब्ध हो सके।


इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, नगर परिषद के कर्मचारियों एवं पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वयं श्रमदान कर सफाई कार्य किया। सभी ने मिलकर जल संरक्षण के इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

प्रशासन द्वारा बताया गया कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिले के सभी नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जल स्रोतों की साफ-सफाई, संरक्षण एवं पुनर्जीवन के कार्य निरंतर किए जाएंगे। अभियान का मुख्य उद्देश्य जल स्रोतों को संरक्षित कर भविष्य में जल संकट की स्थिति से निपटना एवं जल उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपने आसपास के जल स्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि जल संरक्षण की यह मुहिम जन आंदोलन का रूप ले सके।